दिल गया रौनक़-ए-हयात गई

ग़म गया सारी काइ‌नात गई

दिल धड़कते ही फिर गई वो नज़र
लब तक आई न थी कि बात गई

दिन का क्या ज़िक्र तीरा-बख़्तों में
एक रात आई एक रात गई

तेरी बातों से आज तो वाइज़
वो जो थी ख़्वाहिश-ए-नजात गई

उन के बहलाए भी न बहला दिल
राएगाँ सई-ए-इल्तिफ़ात गई

मर्ग-ए-आशिक़ तो कुछ नहीं लेकिन
इक मसीहा-नफ़स की बात गई

अब जुनूँ आप है गरेबाँ-गीर
अब वो रस्म-ए-तकल्लुफ़ात गई

तर्क-ए-उल्फ़त बहुत बजा नासेह
लेकिन उस तक अगर ये बात गई

हाँ मज़े लूट ले जवानी के
फिर न आएगी ये जो रात गई

हाँ ये सरशारियाँ जवानी की
आँख झपकी ही थी कि रात गई

नहीं मिलता मिज़ाज-ए-दिल हम से
ग़ालिबन दूर तक ये बात गई

क़ैद-ए-हस्ती से कब नजात 'जिगर'
मौत आई अगर हयात गई

— Jigar Moradabadi

More by Jigar Moradabadi

Other ghazal from the same pen

See all from Jigar Moradabadi →

Shaheed Shayari

Shers of shaheed.

All Shaheed Shayari poetry →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling