"सुना है"

सुना है जंगलों का भी कोई दस्तूर होता है
सुना है शे'र का जब पेट भर जाए तो वो हमला नहीं करता
दरख़्तों की घनी छाँव में जा कर लेट जाता है
हवा के तेज़ झोंके जब दरख़्तों को हिलाते हैं
तो मैना अपने बच्चे छोड़ कर
कव्वे के अंडों को परों से थाम लेती है
सुना है घोंसले से कोई बच्चा गिर पड़े तो सारा जंगल जाग जाता है
सुना है जब किसी नद्दी के पानी में
बए के घोंसले का गंदुमी रंग लरज़ता है
तो नद्दी की रुपहली मछलियाँ उस को पड़ोसन मान लेती हैं
कभी तूफ़ान आ जाए, कोई पुल टूट जाए तो
किसी लकड़ी के तख़्ते पर
गिलहरी, साँप, बकरी और चीता साथ होते हैं
सुना है जंगलों का भी कोई दस्तूर होता है
ख़ुदावंदा! जलील ओ मो'तबर! दाना ओ बीना! मुंसिफ़ ओ अकबर!
मेरे इस शहर में अब जंगलों ही का कोई क़ानून नाफ़िज़ कर!

— Zehra Nigaah

More by Zehra Nigaah

Other nazm from the same pen

See all from Zehra Nigaah →

Khushboo Shayari

Shers of khushboo.

All Khushboo Shayari poetry →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling