नज़र में सब की मिरी बे-ख़ुदी का आलम है
किसे ख़बर कि बड़ी बेबसी का आलम है
अजीब शय है ये नैरंगी-ए-ज़माना भी
किसी का कोई नहीं है किसी का आलम है
मैं अब हक़ीक़त-ए-दुनिया समझ गया शायद
ख़ुद अपने आप से बेगानगी का आलम है
हर एक देख रहा है मिरे तबस्सुम को
किसे ख़बर जो मिरी ज़िंदगी का आलम है
मुझे अज़ीज़ है अब यूँ 'रईस' नाकामी
सुना है ग़म से गुज़र कर ख़ुशी का आलम है
— Raees Rampuri















