वो रुला कर हँस न पाया देर तक

जब मैं रो कर मुस्कुराया देर तक

भूलना चाहा कभी उस को अगर
और भी वो याद आया देर तक

ख़ुद-ब-ख़ुद बे-साख़्ता मैं हँस पड़ा
उस ने इस दर्जा रुलाया देर तक

भूके बच्चों की तसल्ली के लिए
माँ ने फिर पानी पकाया देर तक

गुनगुनाता जा रहा था इक फ़क़ीर
धूप रहती है न साया देर तक

कल अँधेरी रात में मेरी तरह
एक जुगनू जगमगाया देर तक

— Nawaz Deobandi

More by Nawaz Deobandi

Other ghazal from the same pen

See all from Nawaz Deobandi →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling