दुनिया की नज़रों में हम तो जोकर हैं
सब को ख़ुश रक्खें मतलब वो जोकर हैं
अपना अपना दर्द छुपाते हैं दोनों
इक वो है इक मैं हूँ हम दो जोकर हैं
आईना रोया है उन की बातों पर
बैठे ख़ुद के सामने जब दो जोकर हैं
बात हमारी सुन कर पहले रोए सब
लेकिन फिर ये बोले छोड़ो, जोकर हैं
चालू है सर्कस चाहें कुछ भी कह दें
उन की बात पे मत जाओ वो जोकर हैं
नाम छुपाकर दर्द ख़रीदो दुनिया के
कोई गर पूछे तो कह दो जोकर हैं
अपने ग़म को भूल के हम पर हँसते हो
ग़म का है एहसास हमें सो जोकर हैं
ख़त्म कहानी कर के जब तुम ही ख़ुश हो
अपना क्या है यार अपन तो जोकर हैं
— Nadim Nadeem















