पहले ख़ुद अपनी रफ्तार गिरा कर देखें
फिर हम से कहना मेआर गिरा कर देखें
कांच के जैसे थाम रखा है तुझ को मैं ने
जीना लगता है दुश्वार, गिरा कर देखें
अपनी मस्जिद तोड़ें अपने मंदिर तोड़ें
दुनिया के हक़ में औज़ार गिरा कर देखें
तुम नज़रों से गिरना मत उठ ना पाओगे
ना माने तो बरखुरदार गिरा कर देखें
इन सब को ये क़ैद मुबारक हो दुनिया की
इन के जिम्में ये दीवार गिरा कर देखें
दीमक का घर कैसे गिरकर बन जाता है
तोड़ के देखें या सरकार गिरा कर देखें
दुनिया भर को पागल करने वाले है ये
दिलवालो के ये सरदार गिरा कर देखें
पायल की छन छन सी मीठी बातें 'आफ़त'
गर जो सुननी हो झंकार गिरा कर देखें
— Gagan Bajad 'Aafat'















