उन निगाहों को हम-आवाज़ किया है मैं ने

तब कहीं गीत का आग़ाज़ किया है मैं ने

ख़त्म हो ता-कि सितारों की इजारा-दारी
ख़ाक को माइल-ए-परवाज़ किया है मैं ने

आप को इक नई ख़िफ़्फ़त से बचाने के लिए
चाँदनी को नज़र-अंदाज़ किया है मैं ने

आसमानों की तरफ़ और नहीं देखूँगा
इक नए दौर का आग़ाज़ किया है मैं ने

रूठे लोगों को मनाने में मज़ा आता है
जान कर आप को नाराज़ किया है मैं ने

तुम मुझे छोड़ के इस तरह नहीं जा सकते
इस तअल्लुक़ पे बहुत नाज़ किया है मैं ने

वो जो सदियों से यहाँ बंद पड़ा था देखो
शा'इरी का वही दर बाज़ किया है मैं ने

सुन के मबहूत हुई जाती है दुनिया सारी
शे'र लिक्खे हैं कि ए'जाज़ किया है मैं ने

इश्क़ में नाम कमाना कोई आसान न था
सारे अहबाब को नाराज़ किया है मैं ने

सिर्फ़ लोगों को बताने से तसल्ली न हुई
चाँद तारों को भी हमराज़ किया है मैं ने

और भी होंगे कई चाहने वाले लेकिन
आप के नाम को मुम्ताज़ किया है मैं ने

आसमानों से परे करता है अब जा के शिकार
ताइर-ए-दिल को वो शहबाज़ किया है मैं ने

शाइरों से जो तिरे बा'द कभी हो न सका
काम वो हाफ़िज़-ए-शीराज़ किया है मैं ने

— Fawad Ahmad

More by Fawad Ahmad

Other ghazal from the same pen

See all from Fawad Ahmad →

Chaand Shayari

Shers of chaand.

All Chaand Shayari poetry →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling