तुम्हारा क्या है तुम्हें सिर्फ़ ज्ञान देना है
हमारी सोचो हमें इम्तिहान देना है
गुलाब भी हैं गुलाबों में ख़ार भी हैं बता
निशानी देनी है या फिर निशान देना है
तेरा सवाल मेरी जान का सवाल है और
जवाब देने से आसान जान देना है
उन्होंने अपने मुताबिक़ सज़ा सुना दी है
हमें सज़ा के मुताबिक़ बयान देना है
ये बेज़ुबानों की महफ़िल है दोस्त याद रहे
यहाँ ख़मोशी का मतलब ज़बान देना है
— Charagh Sharma















