रोज़ कहाँ से कोई नया-पन अपने आप में लाएँगे

तुम भी तंग आ जाओगे इक दिन हम भी उक्ता जाएँगे

चढ़ता दरिया एक न इक दिन ख़ुद ही किनारे काटेगा
अपने हँसते चेहरे कितने तूफ़ानों को छुपाएँगे

आग पे चलते चलते अब तो ये एहसास भी खो बैठे
क्या होगा ज़ख़्मों का मुदावा दामन कैसे बचाएँगे

वो भी कोई हम ही सा मासूम गुनाहों का पुतला था
नाहक़ उस से लड़ बैठे थे अब मिल जाए मनाएँगे

इस जानिब हम उस जानिब तुम बीच में हाइल एक अलाव
कब तक हम तुम अपने अपने ख़्वाबों को झुलसाएँगे

सरमा की रुत काट के आने वाले परिंदों ये तो कहो
दूर देस को जाने वाले कब तक लौट के आएँगे

तेज़ हवाएँ आँखों में तो रेत दुखों की भर ही गईं
जलते लम्हे रफ़्ता रफ़्ता दिल को भी झुलसाएँगे

महफ़िल महफ़िल अपना तअल्लुक़ आज है इक मौज़ू-ए-सुख़न
कल तक तर्क-ए-त'अल्लुक़ के भी अफ़्साने बन जाएँगे

— Bashar Nawaz

More by Bashar Nawaz

Other ghazal from the same pen

See all from Bashar Nawaz →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling