ये मोहब्बत का जो अम्बार पड़ा है मुझ में

इस लिए है कि मेरा यार पड़ा है मुझ में

छींट इक उड़ के मेरी आँख में आई तो खुला
एक दरिया अभी तह-दार पड़ा है मुझ में

मेरी पेशानी पे उस बल की जगह है ही नहीं
सब्र के साथ जो हमवार पड़ा है मुझ में

हर तअ'ल्लुक़ को मोहब्बत से निभा लेता है
दिल है या कोई अदाकार पड़ा है मुझ में

मेरा दामन भी कोई दस्त-ए-हवस खींचता है
एक मेरा भी ख़रीदार पड़ा है मुझ में

किस ने आबाद किया है मेरी वीरानी को
इश्क़ ने? इश्क़ तो बीमार पड़ा है मुझ में

मेरे उकसाने पे मैं ने मुझे बर्बाद किया
मैं नहीं मेरा गुनहगार पड़ा है मुझ में

मशवरा लेने की नौबत ही नहीं आ पाती
एक से एक समझदार पड़ा है मुझ में

ऐ बराबर से गुज़रते हुए दुख थम तो सही
तुझ पे रोने को अज़ा-दार पड़ा है मुझ में

मेरा होना मेरे होने की गवाही तो नहीं
मेरे आगे मेरा इनकार पड़ा है मुझ में

भूख ऐसी है कि मैं ख़ुद को भी खा सकता हूँ
कैसा ये क़हत लगातार पड़ा है मुझ में

— Anjum Saleemi

More by Anjum Saleemi

Other ghazal from the same pen

See all from Anjum Saleemi →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling