वो रूठी रूठी ये कह रही थी क़रीब आओ मुझे मनाओ

हो मर्द तो आगे बढ़ के मुझ को गले लगाओ मुझे मनाओ

मैं कल से नाराज़ हूँ क़सम से और एक कोने में जा पड़ी हूँ
हाँ मैं ग़लत हूँ दिखाओ फिर भी तुम्हीं झुकाओ मुझे मनाओ

तुम्हारे नख़रों से अपनी अन-बन तो बढ़ती जाएगी सुन रहे हो
तुम एक सॉरी से ख़त्म कर सकते हो तनाव मुझे मनाओ

तुम्हें पता भी है किस सखी से तुम्हारा पाला पड़ा हुआ है
मुआ'फ़ कर दूँगी तुम को फ़ौरन ही आओ आओ मुझे मनाओ

मुझे यूँ अपने से दूर कर के न ख़ुश रहोगे ग़ुरूर कर के
सो मुझ से कुछ फ़ासले पे रक्खो ये रख-रखाव मुझे मनाओ

मुझे बताओ कि मेरी नाराज़गी से तुम को है फ़र्क़ कोई
मैं खा रही हूँ न-जाने कब से ही पेच-ताव मुझे मनाओ

मुझे पता है मुझे मनाने को तुम भी बेचैन हो रहे हो
तो क्या ज़रूरी है तुम भी इतने भरम दिखाओ मुझे मनाओ

मिरा इरादा तो पहले ही से है मान जाने का सच बताऊँ
तुम अपने भर भी तमाम हर्बों को आज़माओ मुझे मनाओ

बहुत बुरे हो मिरी दिखावे की नींद को भी तुम अस्ल समझे
कहीं से सीखो पियार करना मुझे जगाओ मुझे मनाओ

तुम अपने अंदाज़ में कि जैसे चढ़ा के रखते हो आस्तीनें
तो मैं ''तुम्हारा'' रदीफ़ वाली ग़ज़ल सुनाओ मुझे मनाओ

ख़िलाफ़-ए-मा'मूल मूड अच्छा है आज मेरा मैं कह रही हूँ
कि फिर कभी मुझ से करते रहना ये भाव-ताव मुझे मनाओ

मैं परले दर्जे का हट-धरम था कि फिर भी उस को मना न पाया
सो अब भी कानों में गूँजता है मुझे मनाओ मुझे मनाओ

— Amir Ameer

More by Amir Ameer

Other ghazal from the same pen

See all from Amir Ameer →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling