वो हँस के देखती होती तो उस से बात करते
कोई उम्मीद भी होती तो उस से बात करते
हम स्टेशन से बाहर आए इस अफ़सोस के साथ
वो लड़की अजनबी होती तो उस से बात करते
हमारे जाम आधी हौसला-अफ़ज़ाई कर पाए
अगर उस ने भी पी होती तो उस से बात करते
हम उस के झुमकों की लरज़िश पे अक्सर सोचते हैं
हवा से दोस्ती होती तो उस से बात करते
ये ख़ामोशी भी क्या है गुफ़्तगू की इंतेहा है
कोई बात अनकही होती तो उस से बात करते
तवज्जोह से बहुत शर्माती है आवाज़ अपनी
अगर वो सो रही होती तो उस से बात करते
किसी से बात करना इतना मुश्किल भी नहीं था
किसी ने बात की होती तो उस से बात करते
Read Full